आज ही के दिन शुरू हुआ था संसद का पहला सत्र

नई दिल्ली: (हैडलाइन ब्यूरो ) : 1952 … भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह दिन एक मील का पत्थर है। स्वतंत्र भारत का पहला संसद सत्र 13 मई, 1952 से बुलाया गया था। 3 अप्रैल, 1952 को पहली बार उच्च सदन यानी राज्यसभा का गठन किया गया और इसका पहला सत्र 13 मई, 1952 को आयोजित किया गया। इसी तरह 17 अप्रैल, 1952 को पहली लोकसभा का गठन किया गया जिसका पहला सत्र 13 मई, 1952 को आयोजित किया गया। इस दिन लोकसभा का पहला सत्र आरंभ हुआ जिसने भारत के लोकतंत्र की नींव मजबूत करने और देश के नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया।
भव्य संसद भवन में देशभर से चुने गए 489 सांसदों ने शपथ ग्रहण किया। इस शपथ में उन्होंने संविधान की रक्षा करने और भारत के लोगों की सेवा करने का वचन लिया। जी. वी. मावलंकर (जिन्हें ‘लोकसभा का जनक’ भी कहा जाता है) को सर्वसम्मति से पहले अध्यक्ष के रूप में चुना गया। देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने अपने अभिभाषण में नवगठित सरकार को शुभकामनाएं दीं और देश के सामने आने वाले प्रमुख मुद्दों, जैसे कि गरीबी उन्मूलन, शिक्षा का प्रसार, और सामाजिक न्याय पर प्रकाश डाला।
