युवक व ड्राइवर के बीच झड़प, बस के शीशे तोड़े, दो जख्मी

कपूरथला। नकोदर रोड पर गांव धंदला में पनबस के ड्राइवर की ओर से बस न रोकने पर गांव नत्थूचाहल में एक युवक व ड्राइवर के बीच झड़प हो गई। इसमें दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घायल युवक का कहना है कि उसने ड्राइवर से गांव धंदला में बस न रोकने का कारण ही पूछा था कि उसने किसी चीज से उस पर हमला कर दिया। जबकि ड्राइवर ने कहा युवक ने बिना वजह उसके साथ मारपीट की और बस के शीशे तक तोड़ दिए। थाना सदर की पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घायल युवक की पहचान गांव नत्थूचाहल निवासी सुखजीत सिंह और बस ड्राइवर की पहचान शाहकोट निवासी जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है।
बस में 70 से 80 के करीब यात्री बैठे हुए थे।यात्री गांव नत्थूचाहल से अन्य वाहनों के जरिए अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। एसएचओ सदर मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच एएसआई भूपिंदर सिंह कर रहे हैं। बस ड्राइवर की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।





