कपूरथला के कारोबारी की हत्या की गुत्थी सुलझी, 2 गिरफ्तार

कपूरथला : सुल्तानपुर लोधी के चौक चेलियां में पांच दिन पहले एक बड़े कारोबारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्या के इस मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। चौक चेलियां के मोहल्ला नाईयां निवासी कारोबारी 65 वर्षीय चरणजीत सिंह उर्फ चन्न डिपो वाला की हत्या जालंधर के दो भाइयों ने की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अमित शारदा तथा मोहित शारदा के तौर पर हुई है।
आरोपियों ने कोरोबारी के घर से 25 लाख रुपये और सोने के जेवरात चुराए थे। पुलिस ने आरोपियों से कारोबारी के घर से लुटे गए 25 लाख में से 22.75 लाख, जेवरात, और एक आई-20 कार भी बरामद की है।
इसकी पुष्टि एसएसपी वत्सला गुप्ता ने करते हुए बताया कि मामले को सुलझाने में टेक्नीकल टीम का अहम योगदान रहा है। वहीं यह भी खुलासा किया कि मृतक व्यक्ति के हत्यरोपियों की मां से संबंध थे। महिला और उसके दोनों बेटों का मृतक के घर आना-जाना था।
एसएसपी के अनुसार सुल्तानपुर लोधी के चौक चेलियां के नजदीक हैंडलूम का कारोबार करने वाले 65 वर्षीय चरणजीत सिंह उर्फ चन्न डिपो वाला का 29 जून को उसके घर में खून से लथपथ शव मिला था। मृतक के सिर पर भी गहरी चोटों के निशान भी थे। चरणजीत सिंह घर में अकेला ही रहता था। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी बबनदीप सिंह ने सुल्तानपुर लोधी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी।
पुलिस की टेक्नीकल टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी और अन्य तथ्यों पर की जांच की। जांच में सामने आया कि मृतक चरणजीत सिंह का जालंधर की एक महिला के साथ संबंध थे। महिला और उसके दोनों बेटे आरोपी अमित शारदा और मोहित शारदा का चरणजीत सिंह के घर आना जाना था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने घटना वाली रात तवे और अन्य तेजधार हथियार से चरणजीत सिंह के सिर पर वार कर उसकी हत्या की थी। घर में रखे 25 लाख से अधिक की नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूला है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूटे गए रुपयों में से उन्होंने डेढ़ लाख का जुआ खेला और कुछ पैसों का नशा भी खरीदा था।



