यात्रियों को ले जा रहा एक टेम्पो ट्रैवलर 500 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में गिरा , 14 लोगों की मौत

नई दिल्ली : उत्तराखंड में 23 यात्रियों को ले जा रहा एक टेम्पो ट्रैवलर नदी में गिर गया. इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई. हादसा रुद्रप्रयाग जिले के रैतोली के पास ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर हुआ. सूत्रों ने बताया कि इस दुर्घटना में सड़क किनारे खड़े लोगों को चोटें आई हैं. उत्तराखंड की स्टेट डिजास्टर रेस्पोंस फोर्स से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरा. प्रधानमंत्री कार्यालय ने मरने वालों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है.
एसडीआरएफ के मुताबिक, दुर्घटनास्थल पर गहरी खाई होने के कारण अत्यधिक विषम परिस्थितियों में कड़ी मशक्कत करते हुए बचाव और राहत दल के कर्मी नीचे पहुंचे तथा शवों एवं घायलों को बाहर निकाला. दुर्घटना के दौरान एक महिला गाड़ी से छिटककर लगभग 80 मीटर नीचे झाड़ियों में अटक गई थी. एसडीआरएफ के जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया.





