जियो और एयरटेल ने टैरिफ बढ़ाकर क्या कर दी गलती? बीएसएनएल को हुआ फायदा

नई दिल्ली: प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों ने हाल में अपने टैरिफ में बढ़ोतरी कर दी है। शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल को इसका फायदा हुआ है। कई लोग सस्ते प्लान के लिए बीएसएनएल का रुख कर रहे हैं। बीएसएनएल को उम्मीद है कि इससे उसे घाटे से उबरने में मदद मिलेगी। जब से जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने अपने दाम बढ़ाए हैं, तब से बीएसएनएल को काफी नए ग्राहक मिले हैं। बीएसएनएल ने बताया है कि 3-4 जुलाई से करीब 2.5 लाख लोग दूसरी कंपनियों से अपना नंबर बीएसएनएल में पोर्ट करा चुके हैं। इसके अलावा, बीएसएनएल ने 25 लाख नए कनेक्शन भी जोड़े हैं। बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें नए ग्राहक इसलिए मिल रहे हैं क्योंकि उनके प्लान अभी भी किफायती हैं। कई लोग, खासकर कम आमदनी वाले, अब भी बीएसएनएल के प्लान को बेहतर मानते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि BSNL के प्लान भले ही सस्ते हों, लेकिन ग्राहकों को बनाए रखने के लिए नेटवर्क और सेवाओं की गुणवत्ता भी मायने रखती है। चूंकि BSNL ने अभी तक 4G सेवाएं पूरी तरह से शुरू नहीं की हैं, इसलिए नए ग्राहक जोड़ना और पुराने को बनाए रखना उनके लिए एक चुनौती हो सकती है।




