चोरी करते हुए ट्रांसफार्मर के नीचे दबने से हुई चोर की मौत, फिर दोस्तों ने मिलकर …..
दानपुर थाना क्षेत्र के कटुंबी गांव के समीप मुख्य मार्ग पर ट्रांसफार्मर के नीचे दबने से हुई मौत के बाद शव को पटक कर जाने वाले आरोपितों ने मानवता को शर्मसार करने जैसी हरकत की थी। मामले में यह खुलासा करते हुए थानाप्रभारी सज्जनसिंह और एएसआई नरेंद्रसिंह ने बताया कि मूंदड़ी निवासी कांति (46) पुत्र शम्भू, मूलिया निवासी मगन (50) पुत्र लोंजा डिण्डोर तथा वागपुरा निवासी लालू (40) पुत्र मावजी डिण्डोर लीमथान पुलिस चौकी से कुछ दूर ट्रंासफार्मर के तार चोरी करने पहुंचे थे।
उन्होंने एक नाले के पास अपनी बाइक को छिपाया और रात होने का इंतजार करते रहे। ट्रंासफार्मर उतारने से पहले मगन व लालू ने कांति से रुपए मांगे। कांति ने अपने पास रखे रुपए किस्त के होना बताते हुए देने से इनकार किया तो दोनों साथियों ने ट्रांसफार्मर छोड़ दिया। इससे कांति ट्रांसफार्मर के नीचे दब गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने पर उसने दर्द होने की बात भी कही, लेकिन उसके साथी तार निकालने में जुट गए। वहीं कुछ ही देर में कांति ने दम तोड़ दिया।
यह था मामला
गौरतलब है कि गत 13 मई की सुबह छह बजे कटुम्बी के पास सडक़ किनारे अज्ञात लाश व पास ही मोटरसाइकिल पड़ी मिली थी। पूछताछ में मृतक की शिनाख्त आंबापुरा थाना इलाक के मूंदड़ी निवासी कांति (46) पुत्र शम्भु के रूप में हुई थी। अनुसंधान में सामने आया कि कांति के साथ दानपुर थाना इलाके के मूलिया निवासी मगन (50) पुत्र लोजा डिण्डोर तथा वागपुरा निवासी लालू (40) पुत्र मावजी डिण्डोर के नाम सामने आए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मृतक कांति चोरी का आदतन था। इससे पहले तलवाड़ा में भी डीपी की चोरी करने गया था, लेकिन वहां गर्म तेल गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया था।
नहीं संभाल पाए, बार-बार गिरा
पुलिस के अनुसार कांति की मौत के बाद आरोपित उसके शव को बाइक पर लेकर बैठे, लेकिन उसे संभाल नहीं पाने से शव दो-तीन बार नीचे गिरा। उसके पैर लटकते रहे और पूरे रास्ते पैर घटीसने के कारण जगह-जगह से फट से गए। इसके बाद आरोपितों ने लाश को कटुम्बी के पास पटका और फरार हो गए।


