पाकिस्तान के साथ तनाव के चलते बीच समुन्दर दो बोट के साथ 14 संदिग्ध पकड़े,
जूनागढ़ (हैडलाइन ब्यूरो )भारत-पाक के बीच व्याप्त तनाव के बीच अरब सागर में भारतीय सुरक्षाबलों ने जूनागढ़ के मांगरोल के पास 2 संदिग्ध बोट कब्जाई हैं। इन बोटों पर 14 परिचालक मिले, जिन्हें गिरफ्त में लेकर पूछताछ की जा रही है। ये सभी भारतीय क्षेत्र में घुसे क्यों और किसकी मदद से मांगरोल तक पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है। बहरहाल दोनों बोट्स से तलाशी में कुछ खास हाथ नहीं लगा है।
चार घंटे में पकड़ी जा सकीं दो बोट
जानकारी के अनुसार, ये संदिग्ध बोट सबसे पहले स्थानीय मछुआरों को दिखीं। जिसके बाद सूचना पर अलर्ट हुई मरीन पुलिस, एसओजी और कोस्टगार्ड के दस्ते इनके पीछे लग गए।
फिल्मी स्टाइल में करीब चार घंटों में दोनों बोट को घेरकर जब्त किया गया। यह बोट्स मांगरोल के समुद्र में 10 किमी की दूरी पर पकड़ी गईं। इस मामले में खारवा समाज के अग्रणी द्वारा एएसपी रवि शेट्टी को जानकारी दी गई थी। जिसके चलते समुद्र किनारे पर चौकसी बरती गई।

पहले यह बोट किनारे की और आ रही थीं, मगर फिर अचानक वापस जाने लगीं। संदेह के आधार पर दोनों का पीछा किया गया। पुलिस की जांच में एक बोट एलआरिज मांडवी में 8 और दूसरी शाहबुखारी में 6 खलासी सवार थे। इनके द्वारा पुलिस को बताया गया कि वे ओएनजीसी के कॉन्ट्रेक्ट पर जामसलाया से मुंबई की ओर जा रहे थे। जांच-पड़ताल जारी है।


