*👉🏻 रिटायर्ड इंस्पेक्टर के घर चोरी* *👉🏻 दो LED, सोने की चेन, बालियां व हजारों की नकदी चुराई*
जालंधर,9 जून-(हरदीप सिंह)- थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत पड़ते अशोक विहार में चोरों ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर के घर को निशाना बना सोने के गहने और हज़ारों की नगदी चुरा ली। परमजीत कौर पत्नी तजिंदर सिंह निवासी अशोक विहार ने बताया कि उसके पति पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर थे और सन 2009 में वह रिटायरमेंट लेकर विदेश चले गए। इसीलिए वह घर में अकेली रहती है। परमजीत कौर की छोटी बहन होशियारपुर में है और वह भी विदेश जाने के लिए चंडीगढ़ इंटरव्यू देने जाने वाली थी। जिस संबंध में उसने परमजीत कौर को अपने पास बुलाया था। परमजीत कौर 24 मई 2018 को अपनी छोटी बहन के घर होशियारपुर चली गई और वहां से उसके साथ उसे इंटरव्यू दिलाने के लिए चंडीगढ़ चली गई। जिसके बाद आज देर शाम वह अपने घर लौटी तो मेन गेट को ताला लगा हुआ था। जब अंदर गई तो अंदर के दरवाजे टूटे हुए थे और अलमारियों में से सामान बाहर बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला की घर में चोरी हो चुकी थी और चोर घर से दो LED, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की बालियां व हजारों की नकदी चुरा ले गए थे। चोरी की शिकायत थाना एक की पुलिस को दी गई तो एएसआई रेशम सिंह मौके पर जांच करने पहुंचे। जांच के बाद जब मीडिया कर्मियों ने रेशम सिंह से चोरी संबंधी बात करनी चाही तो उन्होंने मीडिया कर्मियों को कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।


