*👉🏻 मामू गैंग के 6 सदस्य काबू* *👉🏻 गिरोह के सभी सदस्य आपस में रिश्तेदार, मिल कर देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम*
जालंधर,17 अगस्त-(प्रदीप भल्ला)- थाना लांबड़ा की पुलिस ने 11 सदस्यीय चोर गिरोह के 6 सदस्यों को चोरी के सामान सहित काबू किया है। जानकारी देते हुए थाना लांबड़ा के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामू कबाड़िया ने एक 11 सदस्यीय गैंग बनाया हुआ है जो कि चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को काबू कर लिया। जिनके पास से 4 मोटरसाइकिल, 2 ऑटो, 48 बैटरी टावर की, 480 फुट इंटरनेट वायर, 500 फुट केबल वायर, 32 किलो तांबा, 55 पीतल की टूटियां, दो रंगीन टीवी, 22 एंगल, एक कटर, दो दातर, दो बेसबॉल बैट और 200 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह यूपी बिहार के रहने वाले हैं और आपस में सभी रिश्तेदार हैं। रामू कबाड़िया रिश्ते में इनका मामा लगता है,जो यह गिरोह को चला रहा है। पहले यह लोग रिक्शा पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। लेकिन जब से इनके पास पैसे आ गए तो यह ऑटो में चोरी का सामान ले जाने लगे। क्योंकि नाके पर पुलिस सवारी वाले ऑटो को कम ही रोकती थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, राजू, संदीप, नंदकुमार, मुखिया और कालू के रूप में हुई है। इनके बाकी साथियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपियों ने बताया कि वह लांबड़ा से नकोदर की तरफ जाते इलाके में मोबाइल टावर से बैटरियां और खेतों में बने ट्यूबवैल वगैरह से समान चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


