महीनेभर पटना में कैद रहा बंगाल का कारोबारी, पौने तीन करोड़ रुपए की फिरौती देकर हुई रिहाई

बिहार (हैडलाइन ब्यूरो)पश्चिम बंगाल के व्यवसायी तेजपाल सिंह को पटना के दानापुर में ही एक अपार्टमेंट में 33 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था. इसके बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी.
पश्चिम बंगाल के एक बड़े कारोबारी को बिहार के अपहर्ताओं ने पौने तीन करोड़ रुपए की मोटी रकम लेने के बाद रिहा किया है. पश्चिम बंगाल के कारोबारी तेजपाल सिंह और उनके ड्राइवर के अपहरण मामले को लेकर बंगाल पुलिस औऱ बिहार एसटीएफ पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.
पटना में हो रही छापेमारी
टीम ने कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल और पटना में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने भोजपुर से अपहरणकांड के मास्टर माईंड अभिषेक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पटना में आरपीएस मोड़ के पास एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर एक युवती को भी पकड़ा है.
पटना में ही कैद रहा कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, तेजपाल सिंह को पटना के दानापुर में ही एक अपार्टमेंट में 33 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था और पौने तीन करोड़ रुपये फिरौती वसूलने के बाद उसे झारखंड के बरही में छोड़ा गया था. रिहा होने के बाद तेजपाल सिंह जब कोलकाता वापस लौटे तब उन्होने बंगाल पुलिस को सारी बात बताई.
पुलिस को नहीं लगी भनक
33 दिनों तक पटना में किसी व्यवसायी को बंधक बनाकर रखना चर्चा का विषय बना हुआ है. फिलहाल पुलिस इस मामले में फरार चल रहे आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
