नई दिल्ली। मोदी सरकार ने नवंबर 2016 में 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद कर दिया और उसके बाद 500 और 2000 रुपए के नए नोट जारी किए। 2000 रुपए के नोट जारी करने के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक जल्द ही 200 रुपए के नोट जारी करने वाला है। RBI ने नए नोटों की छपाई भी शुरू कर दी है।
केन्द्रीय बैंक का कहना है कि लोगों के लिए ट्रांजेक्शन को आसान करने के मकसद से इन नोटों को जारी किया जा रहा है। कुछ सप्ताह पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से इन नोटों की छपाई का आदेश दिया है। इस समय सरकारी प्रिंटिंग प्रेस में इन नोटों की छपाई का काम चल रहा है। पहले प्लानिंग थी कि इन नोटों को जुलाई में जारी किया जाएगा, लेकिन अभी इसमें कुछ देर हो सकती है।
भारतीय स्टेट बैंक में ग्रुप चीफ इकोनॉमिस्ट के तौर पर काम कर रहे सौम्या कांति घोष ने कहा है कि इससे रोजाना के लेन-देन में काफी आसानी होगी। उन्होंने बताया कि 200 रुपए के नए नोट छोटे नोटों की कमी को पूरा करेंगे। यह नोट आ जाने के बाद लोगों का लेन देन भी आसान हो जाएगा। 500 रुपए के पुराने नोट बंद होने के बाद काफी कम नए नोट जारी किए गए थे, जिससे लोगों को छोटी करंसी की कमी लगने लगी थी।
बताया जा रहा है कि 200 रुपए के ये नए नोट एडवांस सिक्योरिटी वाले होंगे। इन नोटों की छपाई में काफी अधिक सावधानी बरती जा रही है, ताकि इसके नकली नोट न छापे जा सकें। जल्द ही आपको 200 रुपए का ये नया नोट देखने को मिलेगा।


