2 क्विंटल चूरा पोस्त और दो ट्रक सहित चार तस्कर काबू

जालंधर,17 मार्च 2020-(प्रदीप भल्ला)- सीआईए स्टॉफ-1 और थाना रामा मंडी की पुलिस ने नाकाबंदी दौरान दो ट्रकों में से 2 क्विंटल चूरा पोस्त सहित चार तस्करों को काबू किया है। जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सीआईए स्टॉफ और थाना रामामंडी की पुलिस ने नंगल शामां चौक और ढिलवां रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी दौरान पुलिस पार्टी वाहनों की तलाशी ले रही थी। तभी सीआईए स्टॉफ की पुलिस ने नंगल शामां चौक पर एक ट्रक अशोका लेलैंड नंबर पीबी-10-एफवी-0167 को रोका जिसमें दो लोग थे। पुलिस पार्टी को देख दोनों व्यक्ति घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से 60 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। उसी दौरान थाना रामामंडी की पुलिस ने एक ट्रक पीबी-10-सीजे-2613 को रोका जो इसी ट्रक के पीछे पीछे आ रहा था। जिसमें से पुलिस पार्टी को 1 क्विंटल 40 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। उस ट्रक में भी 2 व्यक्ति सवार थे। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की तो आरोपियों ने अपना नाम 1.लखबीर सिंह उर्फ लक्खी पुत्र बलदेव सिंह निवासी पद्दी थाना डेहलों जिला लुधियाना, 2.जगरूप सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र सुरजीत सिंह निवासी पिंड पंजेटा लुधियाना, 3. हरमनदीप सिंह उर्फ मनी पुत्र कुलदीप सिंह निवासी पिंड बुआनी लुधियाना और 4. जोगिंदर सिंह उर्फ लाली पुत्र गुरमीत सिंह निवासी साहनेवाल बताया। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।