कन्नड़ एक्टर चिरंजीवी सर्जा का निधन, 39 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मुंबईः कन्नड़ फिल्मों के एक्टर चिरंजीवी सर्जा का रविवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया. वह 39 वर्ष के थे. चिरंजीवी को शनिवार 6 जून को सांस फूलने और सीने में दर्द की शिकायत के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर को दिल का दौरा पड़ा था |जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन चिरंजीवी की हालत में सुधार नहीं हो सका और रविवार शाम डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
चिरंजीवी सरजा के निधन से उनके फैन्स और फिल्म जगत में शोक की लहर है. एक्टर के इतनी कम उम्र में चले जाने से सभी दुखी हैं और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले ने एक्टर के निधन पर दुख व्यक्त किया है. कुंबले ने अपने ट्विटर पर लिखा है, ‘चिरंजीवी सर्जा के निधन की खबर से गहरे दुख में हूं. एक जवान और प्रतिभावान कलाकार इस दुनिया को छोड़कर चला गया. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं.’
प्रियामणी राज ने भी ट्वीट कर एक्टर को श्रद्धांजली दी है, उन्होंने लिखा, ‘चिरंजीवी के निधन की खबर के बारे में जानकर गहरा धक्का लगा है. उनका मुस्कुराता चेहरा कभी नहीं भूल सकती. मेरी उनके परिवार के प्रति सहानभूति है.’ प्रियामणी के अलावा एक्टर विलास नायक ने भी चिरंचवी को श्रद्धांजलि दी है.
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने चिरंजीवी सर्जा के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके निधन की जानकारी देते हुए एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘कन्नड़ एक्टर चिरंजीवी सर्जा का हार्ट अटैक के चलते आज 39 साल की उम्र में निधन हो गया. अचंभित हूं, वह सिर्फ 39 साल के थे. अभिनेता के भाई ध्रुव सर्जा (Dhruva Sarja) और भतीजे अर्जुन सर्जा. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.’



