*👉🏻 लॉकडाउन के दौरान सवारियों से खचाखच भर कर यूपी ले जा रही बस को पुलिस ने रोका, 3000 का चालान कर सवारियों से भरी बस को जाने दिया* *👉🏻 अंदरूनी इलाकों में खुली रही दुकानें, बिना मास्क पहने घूमते रहे लोग* *👉🏻 हैडलाइन एक्सप्रेस ने लोगों से की अपील, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 25 अप्रैल 2021-(एच.ई)-पंजाब सरकार द्वारा कोरोना संक्रमित केसों में वृद्धि को देखते हुए अलग-अलग तरह की पाबंदियों के आदेश जारी किए थे और साथ ही रविवार को मिनी लॉकडाउन लगाने का भी फैसला किया था। पंजाब सरकार के आदेशों के अनुसार बसों, ऑटो रिक्शा व अन्य वाहनों में 50% लोग ही सफर कर सकते हैं, लेकिन आज रविवार लॉक डाउन होने के बावजूद जालंधर के बूटा मंडी क्षेत्र से यूपी के लिए एक बस रवाना हुई। जिसमें 50% की कटौती तो दूर पूरी बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। यहां तक कि डबल डेकर होने के कारण ऊपरी सीटों पर भी लोग बैठे हुए थे। जैसे ही इसके बारे में पुलिस प्रशासन को पता चला तो उन्होंने अंबेडकर चौक के पास बस को रोक लिया। बस रोकने के बाद पुलिस कर्मियों से चालक से बस के कागजात मांगे और यूपी जाने की परमिशन दिखाने के लिए कहा।
बस चालक के पास पूरे कागजात नहीं थे। इसके बावजूद पुलिस कर्मियों ने उक्त बस का 3000 का चालान काट कर खानापूर्ति कर दी। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिस ने कहा कि उनके पास चालान करने की अथॉरिटी ही है। इसीलिए बस का ₹3000 का चालान काट दिया है। बस चालक भी ₹3000 का जुर्माना भर कर सवारियों से भरी बस को लेकर अपने गंतव्य की ओर चला गया। इससे पता चलता है कि लोग पंजाब सरकार के आदेशों को रत्ती भर भी नहीं मानते।
वहीं शहर के अलग-अलग कुछ हिस्सों में शराब के ठेके भी खुले हुए थे। जब मीडिया कर्मी उसकी कवरेज करने के लिए पहुंचे तो ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने मीडिया कर्मियों को देख तुरंत ही ठेके का शटर गिरा दिया। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को चाहिए कि अगर कोरोना के केसों में हो रही वृद्धि को रोकना है तो जो पाबंदियां पंजाब सरकार द्वारा लगाई गई हैं उन्हें सख्ती से लागू करवाया जाए, अन्यथा कोरोना केसों में हो रही वृद्धि को रोक पाना मुश्किल होगा।
–कालोनियों में खुली रही दुकानें–
शहर की कुछ कालोनियों और मोहल्लों में लोग दुकानें खोल कर बैठे हुए हैं। उक्त दुकानदारों का कहना है कि अंदरूनी क्षेत्रों पुलिस चक्कर नहीं लगाती इसी कारण वह दुकान खोल कर बैठे हुए हैं। लोगों को शायद ये नहीं पता कि पुलिस चक्कर लगाए या ना लगाए उनकी लापरवाही के कारण कोरोना जरूर उनकी दुकान पर चक्कर लगा सकता है। लोगों की लापरवाहियों का नतीजा ही है कि रोजाना 400 से ज्यादा कोरोना केस जिले में बढ़ रहे हैं। लोगों को खुद जागरूक होने की जरूरत है अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब चाइना की तरह लोग सड़कों पर इलाज के लिए भटकते नज़र आएंगे।
–हैडलाइन एक्सप्रेस की लोगों से अपील–
हैडलाइन एक्सप्रेस लोगों से अपील करता है कि सरकार द्वारा जारी की गई है हिदायतों को माने और लॉक डाउन की पालना करें। अगर एक दिन दुकान बंद कर घर पर बैठेंगे तो कोरोना की चेन को तोड़ने में सफल हो सकते हैं। एक दिन का नुकसान झेलने से अगर जिंदगी बच सकती है तो उसे क्यों ना अपनाया जाए। एक दिन रुपयों की लालच छोड़ कर वह अपने और अपने परिवार की जिंदगी को बचा सकते हैं। बिना वजह घर से ना निकले अगर निकलना भी पड़े तो मास्क जरूर पहने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालना करें और समय-समय के अंतराल पर हाथों को धोते रहें। इसके अलावा जिन लोगों ने वैक्सीनेशन नहीं करवाई है वह जरूर करवाएं ताकि आपका शरीर मजबूत बन सके।



