गाड़ी पंचर है कह कर रुकवाई गाड़ी और दंपति से लूट लिया आठ लाख का सोना
गोरखपुर। देर रात में एक दंपत्ति को लूटने के लिए बदमाशों ने अलग तरह का तरीका अपनाया। गाड़ी के पास पहुंचे और ड्राइवर से गाड़ी का पहिया पंचर है, कहकर 8 लाख का सोना लूट लिया। घटना कैम्पियरगंज इलाके के फरेन्दा धानी मार्ग पर देर रात करीब 11:30 बजे हड़हवा पुल के पास हुई। घटना की जानकारी पुलिस को रात में ही मिल गयी, लेकिन इसकी जांच-पड़ताल सुबह से शुरू हुई।
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ सब्जी मण्डी के रहने वाले अरविन्द नाथ वर्मा रात करीब 11:30 बजे अपनी कार से परिवार के साथ गोरखपुर से घर लौट रहे थे। अभी कैम्पियरगंज इलाके के फरेन्दा धानी मार्ग पर हड़हवा पुल से 100 मीटर आगे बढ़े थे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने गाड़ी के पास आकर उन्हें रोकते हुए कहा कि उनकी गाड़ी पंचर हो गई है। चालक ने गाड़ी रोक दिया और नीचे उतरकर पिछला पहिया देखने लगा। इतने में एक बदमाश कार की चाभी निकाल ली और कार में बैठे दंपत्ति से तीन मोबाइल और लेडीज बैग में रखा 200 ग्राम सोने का जेवरात लूट कर फरार हो गए। पीड़ित दंपत्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी होते ही एडीजी अखिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर दिनेश कुमार पी., पुलिस अधीक्षक महराजगंज प्रदीप गुप्ता, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मनोज कुमार अवस्थी, सीओ कैंपियरगंज अजय कुमार सिंह आदि मौके पर पहुंच गए और घटना का जायजा लिया।
बोले एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी. ने बताया कि टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसी कैमरा व अन्य खुफिया तंत्रों का सहारा लिया जाएगा। बहुत ही जल्दी लुटेरे गिरफ्त में होंगे।



