👉🏻 मुख्यमंत्री पंजाब के जिले में चौथी कक्षा के छात्र की गर्मी से मौत
👉🏻 अभिभावकों के सुझावों पर रद्द की थी गर्मी की छुट्टियां,गर्मी ने ही ली बच्चे की जान, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ़ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻
पंजाब में लू से पहली मौत होने का पहला मामला सामने आया है। यह घटना मुख्यमंत्री भगवंत मान के जिले संगरूर में है। चौथी कक्षा के बच्चे की मौत हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चा स्कूल से घर लौट रहा था और घर आते ही उसकी तबियत बिगड़ गई। दो दिन उसका इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया।
पंजाब में संगरूर जिले के लौंगोवाल के अंतर्गत गांव पट्टी दुल्लत जैद निवासी मृतक बच्चे का नाम महकप्रीत सिंह था। उसके पिता गुरतेज सिंह ने बताया कि शनिवार को महकप्रीत स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह लू का शिकार हो गया। घर आया तो उसकी हालत काफी खराब थी। रात तक जब उसे आराम नहीं मिला तो प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया, लेकिन महकप्रीत ने दम तोड़ दिया।
बुखार से तप रहा था महकप्रीत
गांव के कुलदीप सिंह दुल्लत ने जानकारी दी कि महकप्रीत शनिवार को लू का शिकार हुआ था। घर लौटते ही उसका शरीर काफी तप रहा था। पहले तो कोई समझ नहीं पाया कि क्या हुआ, लेकिन जब उसे रात को अस्पताल लेकर गए तो उसका बुखार काफी अधिक बढ़ चुका था।
लू कैसे होती है जानलेवा
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, लू जानलेवा होती है। अगर गर्मी 40 डिग्री सेल्सियस से पार है और आप इसमें लंबे समय तक घूमते हैं तो उससे सनस्ट्रोक या हीटस्ट्रोक हो सकता है, जिसे लू लगना कहते हैं। इसमें शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचता है, जैसे ब्रेन, दिल, लिवर, किडनी और मांसपेशियां।
सबसे ज्यादा असर किडनी पर पड़ता है, क्योंकि शरीर से पानी निकल जाता है। इस स्थिति में शरीर डी-हाइड्रेट हो जाता है। ऐसे में यूरीन आना एकदम बंद हो जाता है और इंसान बेहोश होने लगता है। अंत में ज़रूरी अंग काम करना बंद कर देते हैं और इससे मौत भी हो सकती है।
लू लगने के लक्षण
लू लगने पर शरीर एकदम गर्म और लाल हो जाता है। स्किन एकदम ड्राई हो जाती है। पसीना एकदम बंद हो जाता है। हाथ-पैरों में अकड़न होने लगती है। चक्कर आने लगते हैं और दिल की धड़कन तेज हो जाती है। सांस तेज़ चलने लगती है।
लू से अपना बचाव खुद करें
गर्मी में बहुत सावधानी रखने की ज़रूरत है। ग्लोबल वॉर्मिंग बहुत बढ़ती जा रही है। इस गर्मी से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि अच्छी मात्रा में पानी पिएं, लिक्विड डाइट लें और जूस पिएं। सीजनल फल जैसे खीरा, तरबूज़, अनार खाएं और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें।
