जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का अंतिम संस्कार आज

नई दिल्ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज (12 जुलाई) को अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार पूरे रीति-रिवाज से राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। संस्कार में जापान क दिग्गज नेता व लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के सभी बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
फिलहाल उनका पार्थिव शरीर टोक्यो शिबुया में स्थित उनके घर पर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा है।
शिंजो आबे की हत्या को लेकर 9 जुलाई को भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखा गया था। इससे पहले पीएम मोदी ने आबे के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट कर लिखा था कि श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को एक विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। आज पूरा भारत जापान के साथ शोक में है और हम इस कठिन घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।
बता दें कि आबे पर 8 जुलाई की सुबह नारा क्षेत्र में एक चुनाव अभियान कार्यक्रम के दौरान दो गोलियां दागी गई थीं। इस हमले के लिए जिम्मेदार 40 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पास से एक बंदूक जब्त की गई। बताया गया कि एक चश्मदीद ने जांच एजेंसियों को बताया था कि “आबे भाषण दे रहे थे और पीछे से एक आदमी आया।” चश्मदीद ने कहा, “पहला शॉट खिलौने की तरह लग रहा था। आबे गिरे नहीं और एक बड़ा धमाका हुआ। दूसरा शॉट ज्यादा दिखाई दे रहा था, तब चिंगारी और धुआं दिखाई दिया। दूसरे शॉट के बाद लोगों ने आबे को घेर लिया और उन्हें कार्डियक मसाज दी।” उनकी गर्दन से खून बह रहा था। फिर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।


