छोटे से विवाद में कारोबारी ने कहा-क्या गोली मारोगे, जवाब में सीने पर कर कर ले ली जान
पेट्रोल डलवाने को लेकर हुए विवाद में रविवार रात लखनऊ के कारोबारी की हत्या कर दी गई। उन्होंने शिकायत लिखने के लिए कंपलेंट बुक मांगी तो सेल्समैन ने अभद्रता की, गुस्साया गार्ड उन पर बंदूक तानने लगा। उन्होंने नाराजगी में कहा कि क्या गोली मार दोगे, जबाव में गार्ड ने उनके सीने पर फायर झोंक दिया। देर रात तक पुलिस सेल्समैन जयवीर और बाबी को पकड़कर पूछताछ करती रही। गार्ड फरार है।
लखनऊ के दुबग्गा के जोगस पार्क, वसंतकुंज में रहने वाले अरविंद द्विवेदी सर्विस प्रोवाइडर थे। बरेली व मुरादाबाद क्षेत्र में भी उनका काम था। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम को वह मुरादाबाद से चले। उनके साथ सेवानिवृत एडीएम विनीत कुमार श्रीवास्तव भी बैठे थे। अरविंद अपनी कार खुद चला रहे, विनीत कुमार श्रीवास्तव की कार चालक शुभम चला रहे थे। रात करीब 11.30 बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर केसरपुर गांव के बलवंत फीलिंंग स्टेशन पर अरविंद ने पेट्रोल डलवाने के लिए कार रोकी। सेल्समैन ने कहा कि 10.30 के बाद पंप बंद हो जाता है। उन्होंने ऐसे किसी आदेश की जानकारी से इन्कार किया तो सेल्समैन जयवीर व बाबी से कहासुनी होने लगी। इस बीच पंप का एक गार्ड भी आ गया। विवाद बढ़ता देखकर अरविंद ने शिकायत लिखने के लिए कंपनेट बुक मांगी तो गार्ड भड़क गया। अरविंद कार में ही बैठकर नाराजगी जता रहे थे। इतने में गार्ड ने उन पर बंदूक तान दी। अरविंद ने कहा कि गोली मारने की धमकी दे रहो हो? इतने में गार्ड ने उनके पेट में फायर कर दिया। उनके साथ बैठे विनीत की सूचना पर पुलिस पहुंची, तब तक सभी कर्मचारी भाग गए थे।पुलिस ने पंप मालिक अनिल अग्रवाल से संपर्क कर दोनों सेल्समैन को बुलाया तो झूठी कहानी गढ़ दी गई। कर्मचारियों ने कहा कि अरविंद अपनी कार में बैठे थे, उसी समय कुछ लोग आकर बहस करने लगे। कहासुनी के बीच उन्हें गोली मार दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे देखे तो किसी अन्य के आने की पुष्टि नहीं हुई। गार्ड उनकी कार के पास खड़ा दिख रहा था। इसी आधार पर दोनों सेल्समैन को थाने लाया गया। सभी से पूछताछ चल रही है।
पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पंप के तीन कर्मचारियों पर आरोप है, दो से पूछताछ चल रही है। सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग हाथ लगे हैं।

