जालन्धर में फिर चली गोलियां, अकाली नेता पर शराब तस्कर ने की फायरिंग
जालंधर के मकसूदां थाना के अंतर्गत आते रायपुर- रसूलपुर गांव में अकाली नेता और उसके साथी को पिस्तौल से रंजिशन गोलियां मारने का मामला सामने आया है। दोनों घायलों की हालत गंभीर है और उनके परिजन लहूलुहान अवस्था में पठानकोट बाइपास पर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर आए हैं। जहां पर चिकित्सक उनके इलाज में जुट गए हैं।
बताया जा रहा है कि शराब तस्कर दलजीत काला के काम में अकाली नेता पृथीपाल बल की अड़चन बन रहा था। इसी खुन्नस में दलजीत काला ने पृथीपाल और उसके साथी मनदीप को गोलियां मारी गोलियां मारने के लिए दलजीत सिंह उर्फ काला अकेला नहीं आया था बल्कि अपने साथ चार साथी जिनमें गांव का प्यारदीप पारी और मिंदू भी शामिल थे।
बताया जा रहा है काला और उसके एक साथी ने ही पृथी और उसके साथी मनदीप को गोलियां मारी हैं। जिस वक्त यह हमला हुआ उस वक्त पृथीपाल अपने दोस्त मनदीप की खाद-बीज पेस्टीसाइड बेचने वाली दुकान में था। मनदीप शाम को सारा हिसाब किताब जोड़ रहा था। इसी दौरान कार में आए हमलावरों ने गोलियां चला दीं।पुलिस ने केस किया दर्ज
गोलीबारी की घटना घटित होने के बाद पुलिस थाना मकसूदां की पुलिस अलर्ट हो गई हैं और तुरंत प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने गोलीबारी की घटना को लेकर दोनों घायलों के बयान पर दलजीत सिंह काला और उसके साथी के खिलाफ धारा 307 के तहत इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। अभी पुलिस ने हमलावर के गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के बाद दोनों फरार हो गए हैं जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
अकाली नेता पृथीपाल बल पर हमला करने वाले दलजीत सिंह काला शराब का तस्कर है। पृथीपाल उसे शराब की तस्करी करने से रोकता था। इसी खुन्नस में अपने साथियों के साथ उसने हमला किया।
