*👉🏻 एएसआई का चोरी हुआ रिवाल्वर एक के बाद एक चार बार बिका,अब बरामद* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ़ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*

नया गांव,मोहाली-पंजाब पुलिस के एएसआइ विजय कुमार की करीब दो महीने पहले चोरी हुई सर्विस रिवाल्वर एक के बाद चार हाथों में बिकी। पुलिस ने विजय के घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले आकाश उर्फ कुक्कू को कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। उसके पास से गहने तो बरामद हो गए थे लेकिन चोरी की गई रिवाल्वर की बाबत पूछने पर उसने बताया कि उसे उसने किसी को बेच दिया था। बाद में रिवाल्वर दूसरे से तीसरे और फिर चौथे व्यक्ति ने खरीदी। आखिरकर करीब दो महीने बाद पुलिस ने अब चौथे व्यक्ति को दबोच कर रिवाल्वर की रिकवरी कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को अदालत में पेश कर 1 दिन का रिमांड हासिल किया है। बता दें कि गत 22 सितंबर को नया गांव के विकास नगर में रहने वाले एएसआइ विजय कुमार के घर में चोरी हो गई थी। चोर ने उनकी सरकारी रिवाल्वर और 12 कारतूस चुरा लिए थे। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की थी। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि 8 नवंबर को पुलिस ने जनता कालोनी निवासी आकाश उर्फ कुक्कू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उससे चोरी हुए गहने बरामद हो गए थे। उसने बताया था कि रिवाल्वर उसने जनता कालोनी निवासी आजाद चौटाला को 3000 रुपये में बेच दी थी। आरोपित आजाद चौटाला नशे के किसी मामले में पहले से ही रोपड़ जेल में बंद था। उसको पूछताछ के लिए 10 नवंबर को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। 
जनता कालोनी में ही बिकती रही रिवाल्वर
आजाद ने बताया कि उसने रिवाल्वर अपने भाई अरुण कुमार को दे दिया है। जब पुलिस ने अरुण को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने भी रिवाल्वर को बेच दिया है। अंकित निवासी जनता कालोनी ने उससे रिवाल्वर को 18000 रुपये में खरीदा है। इसके बाद 17 नवंबर को पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार करके उसके पास से रिवाल्वर को बरामद कर लिया है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए एक दिन का रिमांड हासिल किया है।

