पाकिस्तान के सांसद मुस्तफा कमाल का बड़ा बयान कहा…. भारत चांद पर चला गया जबकि कराची में बच्चे किसी खुले हुए नाले में गिरकर मर रहे हैं

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सांसद मुस्तफा कमाल ने नेशनल असेंबली में भारत की तारीफ करते हुए अपने देश की दुर्दशा बयां की है। उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। कमाल ने संसद में भाषण देते हुए कहा कि भारत आज चांद पर चला गया है, जबकि कराची में बच्चे किसी खुले हुए नाले में गिरकर मर रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान की शिक्षा पद्धति पर भी सवाल किया। कमाल ने कहा कि पाकिस्तानी विश्वविद्यालय आज बेरोजगार युवाओं को पैदा करने वाले उद्योग बन गए हैं। वहीं, भारत की शिक्षा प्रणाली की बदौलत भारतीय 25 शीर्ष वैश्विक कंपनियों के सीईओ हैं।
‘इंडिया चांद पर चला गया’
मुस्तफा कमाल ने संसद में कहा, “कराची के आज हालात ऐसे हैं कि दुनिया चांद पर जा रही है और हमारे यहां मासूम बच्चे खुले हुए गटर में गिरकर मर रहे हैं। एक ही स्क्रीन पर एक खबर है कि इंडिया चांद पर चला गया।… और उसके दो सेकेंड के बाद खबर है कि कराची में किसी गटर का ढक्कन ना होने की वजह से बच्चा गिर गया और मर गया। हर तीसरे दिन की खबर है। मैं अपना नंबर बढ़ाने के लिए यह नहीं कह रहा, बल्कि गुजारिश कर रहा हूं। ये मैं पाकिस्तानी राष्ट्रपति से गुजारिश कर रहा हूं। उनकी पार्टी के चेयरमैन से गुजारिश कर रहा हूं। 15 साल के कराची जैसे बड़े शहर को एक कतरा ज्यादा पानी नहीं दिया गया। जो पानी उन पाइपों में आता था, उसे भी पानी माफिया, टैंकर माफिया चुरा लेते हैं।

