हरियाणा-पंजाब और दिल्ली में लू के थपेड़ों की आशंका

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत में लू चलने का अलर्ट जारी हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन तक गर्म हवाओं के साथ भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही इस हफ्ते के अंत तक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उधर, हरियाणा के सिरसा में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में भी गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। विभाग ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधित चिंता पर जोर दिया गया है। चेतावनी में कहा गया है कि लंबे समय तक धूप में रहने वाले या भारी काम करने वाले लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियां बढ़ने की आशंका है। विभाग ने कहा कि 17 से 20 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और 18-20 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में प्रचंड लू चलने के आसार हैं।
राष्ट्रीय राजधानी समेत कई राज्यों में शनिवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में इस वक्त शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। इसकी वजह से यहां के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।




