*👉🏻 जालंधर में स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत*
जालंधर,14 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)- जिला जालंधर के अंतर्गत आते शहर फिल्लौर के गांव गढ़ा में रहने वाली 40 वर्षीय कमलजीत कौर पत्नी जसपाल सिंह की स्वाइन फ्लू के कारण मौत हो गई। जानकारी देते हुए मृतक महिला के भाई दविंदर सिंह ने बताया कि उसकी बहन कमलजीत कौर को 5-6 दिन से हल्का बुखार था। जिसका पहले फिल्लौर में ही निजी अस्पताल से इलाज करवाया गया। लेकिन फर्क ना पड़ने पर उसे लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर बेड उपलब्ध ना होने के कारण कमलजीत कौर को लुधियाना में ही निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसके टेस्ट किए तो उन्हें स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई दिए। जिसके बाद इलाज दौरान ही महिला की मौत हो गई। फिल्लौर के एसएमओ जिंदर सिंह ने बताया कि लुधियाना में महिला की मौत होने के बाद अस्पताल वालों ने मृतका की लाश को फिल्लौर के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है। जिसका जल्द ही संस्कार कर दिया जाएगा और मृतक महिला के परिजनों को भी स्वाइन फ्लू की दवाई अस्पताल की तरफ से दी जाएगी ताकि वह इसकी चपेट में ना आ सके।
