राजकोट अग्निकांड : सजा से पहले बेल मिली तो मैं छोड़ूंगा नहीं, बच्चे को खाेने वाले पिता का दर्द फूटा

अहमदाबाद: गुजरात के राजकोट में भीषण अग्निकांड में अपने परिजनों को खोने वाले व्यथित हैं। पुलिस ने युवराज सिंह सोलंकी समेत कुल छह आरोपियों के खिलाफ टीआरपी गेम जोन अग्निकांड हादसे के लिए मामला दर्ज किया है, तो वहीं दूसरी तरफ इस दर्दनाक हादसे में एक पिता का दर्द फूटा है। प्रदीप सिंह ने राजकोट में मीडिया से बातचीत में कड़ी कार्रवाई की मांग की। सिंह ने कहा कि मुझे कोई आर्थिक सहाय नही चाहिए, सरकार अपराधियों को दे मौत की सज़ा, अगर उनको जमानत मिली तो किसी को नहीं छोड़ूंगा में सबको मार डालूंगा।
मैं दो लाख रुपये देने को तैयार
सिंह ने कहा कि वह इस मामले को लड़ने के लिए अपने पास से दो लाख रुपये देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इस मामले में लापरवाही बरतने वालों को सजा होनी चाहिए। सिंह ने गुस्से में कहा कि अब मेरे आगे-पीछे कोई नहीं है। ऐसे में मीडिया के सामने कह रहा हूं कि अगर आरोपियों को सजा से पहले जमानत मिली तो मैं उन्हें खत्म कर दूंगा। सिंह ने कहा कि 33 लोगों की जान लेने वालों को फांसी की सजा होनी चाहिए। राजकोट गेम जोन हादसे में सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। अभी तक की जांच में संचालकों की तरफ लापरवाही सामने आई है। राजकोट अग्निकांड पर गुजरात हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। काेर्ट ने गेम जोन हादसे को मानव निर्मित त्रासदी बताते हुए बड़े शहरों के निगमों के साथ सरकार से जवाब मांगा है। 27 मई को दो जजों की बेंच इस मामले में आगे सुनवाई करेगी।




