पारा लुढ़काः उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर में और बढ़ी सर्दी, 7 डिग्री हुआ तापमान

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। यूपी, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य इलाकों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं हरियाणा में एक व्यक्ति की संदिग्ध तौर पर सर्दी के कारण जान चली गई। अगर बात करें शनिवार सुबर की दिल्ली-एनसीआर का पारा कल के न्यूनतम से दो डिग्री और लुढ़कर 7 डिग्री सेल्यिस पर आ गया। हालांकि आज यहां दिन में तेज धूप खिलने का अनुमान है।
हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में दिन का पारा लुढ़ककर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिस वजह से शिमला और पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों से अधिक ठंडा हो गया। अंबाला सिटी में भीषण सर्दी के कारण एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वह भीखारी था। पंजाब में भी कड़ी सर्दी रही। अमृतसर में अधिकतम पारा 15.8, लुधियाना में 15.1 और पटियाला में 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे के कारण पिछले तीन दिन में चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ है। वहीं पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा में हिसार सबसे सर्द रहा।
जम्मू-कश्मीर में शीतलहर, करगिल सबसे ठंडा
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में शुक्रवार को न्यूमतम तापमान हिमांक बिंदू से नीचे रहा। साथ ही गुलमर्ग और करगिल में सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू एवं कश्मीर में रविवार तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘गुलमर्ग शून्य से 10 डिग्री कम तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा रहा जबकि शून्य से 10.2 डिग्री कम तापमान के साथ कारगिल लद्दाख क्षेत्र में सबसे ठंडा रहा।’ वहीं श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री नीचे और जम्मू में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
