कितने वीडियो, कितनी तस्वीरें, छोटा हरिद्वार के महंत की खुलेगी क्राइम हिस्ट्री

नई दिल्ली: गंगा घाट और मंदिर जैसी पवित्र जगहों को बदनाम करने वाला ‘पापी महंत’ मुकेश गोस्वामी चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस मुजफ्फरनगर से लेकर हरिद्वार तक दौड़ लगा रही है, लेकिन मुकेश गोस्वामी का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। आशंका ये भी जताई जा रही है कि कहीं मुकेश गोस्वामी किसी दूसरे राज्य में जाकर तो नहीं छिप गया है। इस बीच पुलिस को मुकेश गोस्वामी के मोबाइल में दो सीक्रेट फोल्डर मिले हैं। इसके साथ ही उसके मोबाइल में एक सीसीटीवी ऐप भी मिला है, जिसे उनसे हाइड कर रखा था।
मुकेश गोस्वामी के ऊपर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया था। इसके बाद जब उसके मोबाइल की जांच की गई, तो उसमें दो सीक्रेट फोल्डर मिले। इनके नाम उसने हरिद्वार और छोटा हरिद्वार रखा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, मुकेश के मोबाइल से पाचं दिन की सीसीटीवी फुटेज मिले है। इसके साथ ही फोन में सीसीटीवी ऐप भी पाया गया है। पुलिस ने मोबाइल को जांच के लिए भेजा है, ताकि ये पता लगाया जा सके कि फोन से किसी और के साथ ये वीडियो शेयर किए गए हैं या नहीं? माना जा रहा है कि मोबाइल की जांच रिपोर्ट आने के बाद कुछ और अहम खुलासे भी हो सकते हैं।
ऐसे खुली छोटा हरिद्वार के महंत की पोल
आपको बता दें कि मुकेश गोस्वामी के काले कारनामों की पोल उस वक्त खुली, जब 21 मई को गंगनहर में नहाने गई एक महिला ने चेंजिंग रूम के ऊपर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ पाया। उसने जब इस बारे में महंत से पूछा, तो वो उल्टा महिला को ही भला-बुरा कहने लगा। इसके बाद महिला ने मुकेश गोस्वामी के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की, तो महिला के आरोप सही पाए गए। पुलिस ने तुरंत महंत का मोबाइल अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, इस दौरान मौका पाकर मुकेश गोस्वामी फरार हो गया।


