9 जून को शाम सवा 7 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली: मोदी सरकार 3.0 के गठन का रास्ता साफ हो चुका है। नरेंद्र मोदी 9 जून को शाम सवा 7 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। राष्ट्रपति प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को नई सरकार के गठन का न्योता दिया। राष्ट्रपति ने मोदी को दही-चीनी खिलाकर नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। पीएम मोदी शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने पहुंचे। इससे पहले एनडीए के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात करके अपना समर्थन पत्र सौंपा और नई सरकार बनाने की पेशकश की।
पीएम ने 9 जून को शपथ लेने की बात कही
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बताया है कि शपथ ग्रहण के लिए 9 जून की शाम को उन्हें सुविधा रहेगी, तब तक वह मंत्री परिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंपेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह देशवासियों को विश्वास दिलाते हैं कि 18वीं लोकसभा में पांच वर्ष के कार्यकाल में वे उसी गति और समर्पण भाव से देश की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।




