प्रवासी मजदूर की बेरहमी से हत्या

कपूरथला के सब डिवीजन भुलत्थ के गांव चक्कोकी मंड में देर रात एक प्रवासी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर चंदन किरकरा को मौत के घाट उतार दिया। मृतक मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने के बाद ढिलवां पुलिस और डीएसपी भारत भूषण मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव चक्कोकी मंड के किसान कर्म सिंह की लगभग 20 एकड़ भूमि है। कर्म सिंह ने खेती और देखरेख के लिए चंदन किरकरा को काम पर रखा था। चंदन पिछले 15 वर्षों से कर्म सिंह के खेतों का काम देखता है। वह खेत में ही बनी मोटर पर रहता था।
कर्म सिंह सुबह खेतों में गया तो देखा चंदन खून से लथपथ पड़ा था। उसकी किसी ने तेज हथियारों से हमला कर हत्या की है। कर्म सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी भारत भूषण पुलिस और टेक्नीकल टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि टेक्नीकल टीम सभी तथ्यों को देखते हुए जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में मामला किसी रंजीश से जुड़ा लग रह रहा है। चंदन का मोबाइल फोन और बाइक घटना स्थल पर मिली है। इसलिए मामला लूट से जुड़ा नहीं लग रहा है।



