पाकिस्तान में भी चीन जैसा सर्विलांस, फोन कॉल,इंटरनेट सर्च तक सब कुछ हो रहा रिकॉर्ड,

इस्लामाबाद: पाकिस्तान का खुफिया तंत्र अब लोगों की निजी जिंदगी से लेकर हर चीज पर नजर रख रहा है। लोग अपने फोन पर क्या बात कर रहे हैं, क्या मैसेज भेज रहे हैं और यहां तक कि इंटरनेट पर क्या देख रहे हैं, हर चीज को पाकिस्तान के बिग बॉस देख रहे हैं। इस्लामाबाद हाईकोर्ट में प्रस्तुत एक आवेदन की वजह से ये चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसके बारे में पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डॉन ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी है। हाई कोर्ट को दी गई जानकारी से पता चला है कि पाकिस्तान में टेलीकॉम रेगुलेटर पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण ने टेलीकॉम कंपनियों को एक व्यापक निगरानी प्रणाली लागू करने के लिए मजबूर किया है।
इस सिस्टम की वजह से किसी भी समय एक क्लिक पर नागरिकों पर नजर रखी जा सकती है। इस प्रणाली को कानूनी इंटरसेप्ट मैनेजमेंट सिस्टम कहा जाता है। पाकिस्तान में दिलचस्प ये है कि इसे बिल्कुल चीन मॉडल की तरह लागू कर दिया गया है। यानी इसे न तो किसी नियामक जांच के अंदर रखा गया है और इन ही इसके ऊपर कोई कानूनी नियंत्रण है। इसका मतलब यह हुआ कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियां बिना किसी जिम्मेदारी और रोकटोक के किसी की भी जासूसी कर सकती हैं।
कैसे सामने आया मामला?
पाकिस्तान में कुछ समय पहले देश के प्रमुख लोगों से जुड़े फोन कॉल लीक हुए थे। इन फोन कॉल को कथित तौर पर किसी तीसरी पार्टी के द्वारा रिकॉर्ड किया गया था। मीडिया और सोशल मीडिया में मामला सामना आने के बाद इससे प्रभावित कुछ लोगों ने राज्य की जबरन निगरानी के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले में सुनवाई के दौरान इस्लामाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस बाबर सत्तार ने सरकार से जोर देकर इसका जवाब मांगा तो इसका खुलासा हुआ कि लोगों के फोन कॉल की निगरानी करने वाला सिस्टम लागू किया गया है।





