*👉🏻 महिला को बेहोश कर घर से नकदी व गहने लूटे* *👉🏻 फास्टवे केबल के कर्मचारी बनकर आए थे लुटेरे*
जालंधर,3 मई-(हरदीप सिंह बब्बू)- थाना डिवीजन नंबर 2 के अधीन पड़ती जैन कॉलोनी सत नगर में महिला को बेहोश कर लुटेरे घर से नकदी व गहने लूट ले गए। जानकारी देते हुए पीड़ित महिला कंचन रानी पत्नी नरेश कुमार निवासी सत नगर ने बताया कि वह घर में अकेली थी। दोपहर के समय फास्टवे केबल की ड्रेस पहने दो व्यक्ति आए और सेट टॉप बॉक्स बदलने की बात कह घर में आ गए। थोड़ी देर जांच करने के बाद वह बोले कि सेट टॉप बॉक्स नया लगेगा इसीलिए 10-15 मिनट बाद दोबारा आकर उसे लगा जाएंगे। 15 मिनट के बाद फिर से दो लड़के आए और उनके साथ दो लड़के और भी थे जो घर के बाहर खड़े हो गए। सेट टॉप बॉक्स ठीक करते हुए एक युवक ने पानी मांगा। जैसे ही वह पानी लेकर आई तो दूसरे युवक ने उन्हें कुछ सुंघा दिया। जिस कारण वह धीरे-धीरे बेहोश होने लगी। बाहर खड़े दोनों युवक भी घर में आ गए और उसे बंधक बना बाथरूम में छोड़ दिया। कुछ समय बाद उनका 5 साल का बेटा सक्षम स्कूल से लौटा तो उसने उसे उठाया। होश आने पर कंचन ने अपने पति जोकि माई हीरां गेट में बुक शॉप चलाते हैं को फोन कर घटना के बारे में बताया। नरेश कुमार घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसीपी सतिंदर चड्ढा व थाना दो के प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। लुटेरे घर से कितनी नकदी और गहने ले गए हैं इसकी अभी जांच की जा रही है।


