पैसे हासिल करने की चाह में ATM मशीन की तोड़फोड़ की, मौके पर ही पुलिस ने दबोचा

कोरबा। एक साथ ढेर सारे पैसे हासिल करने की चाह में एक युवक ने आधी रात को एटीएम मशीन कुल्हाड़ी से तोड़ डाली। आधा से ज्यादा एटीएम का हिस्सा क्षतिग्रस्त करने के बाद भी नोट नहीं मिले। इस बीच पड़ोस में ही रहने वाले एक शख्स की नजर उस पर पड़ गई और वह भाग खड़ा हुआ। इसके बाद पकड़े जाने का डर उसे सताने लगा और थोड़ी देर बाद वापस लौटकर फिर आया, तब तक पुलिस भी पहुंच चुकी थी। बस फिर क्या था पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। यह मामला बांकीमोंगरा थानांतर्गत बलगी स्थित एसबीआई शाखा के एटीएम का है।
पुलिस की हिदायत के बाद भी सुरक्षा गार्ड नहीं
बैंक प्रबंधन ने एटीएम में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं की है, जिसकी वजह से यह घटना घटी। पुलिस के आला अधिकारी बैंक प्रबंधन को लगातार हर एटीएम में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति किए जाने की समझाइश दे रहे, बावजूद इसके बैंक प्रबंधन के कान में जू नहीं रेंग रही।
सुरक्षा में लापरवाही, बैंक प्रबंधन सतर्क नहीं
एटीएम टूटने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी शहर के कई एटीएम को चोर अपना निशाना बनाते हुए नुकसान पहुंचा चुके है। बार-बार के हादसों के बाद भी बैंक प्रबंधन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। एटीएम सूनसान जगहों पर रहने से चोर निशाना बनाने से नहीं चूकते। ऐसे एटीएम में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति आवश्यक है।


