*👉🏻 शुक्रवार शाम से मखदूमपुरा की बिजली बंद,लोग परेशान,पीने के पानी को भी तरसे*


जालंधर,8 सितम्बर-(प्रदीप भल्ला)- मखदूमपुरा के निवासी 20 घंटों से ज्यादा समय से बिजली ना आने के कारण परेशानी झेल रहे हैं। मोहल्ला निवासी दीपक, संजीव, संदीप, आशु, विक्की, सुदेश रानी, बिमला, आशा ने बताया कि कल शाम 5:00 बजे इलाके में बिजली की तारों में स्पार्किंग होने के बाद एक धमाका हुआ। जिसके बाद बिजली सप्लाई ठप्प हो गई। काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी जब बिजली आपूर्ति नहीं हुई तो बिजली बोर्ड के दफ्तर में शिकायत दर्ज करवाने के लिए पहुंचे। लेकिन वहां पर मौजूद बिजली कर्मियों ने कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। जिसके बाद जे.ई से संपर्क किया। जेई ने कहा कि शॉर्ट सर्किट के कारण तार जल गई है। लेकिन इस समय तार उपलब्ध नहीं है जब तार मिल जाएगी तो इलाके की बिजली चालू कर दी जाएगी। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों का रवैया बिल्कुल गैर जिम्मेदाराना था। 20 घंटे से ज्यादा समय हो गया है लेकिन अभी तक बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाई है। मोहल्लानिवासियों ने बिजली बोर्ड के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि बिजली बोर्ड के दफ्तर में जो कर्मी शिकायत दर्ज करने के लिए बैठे हुए हैं,उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। क्योंकि उनका रवैया आम जनता के साथ बिल्कुल गलत है और जल्द से जल्द इलाके की बिजली सप्लाई बहाल की जाए।
–बिजली न होने के कारण पीने वाले पानी की भी हुई किल्लत–
इलाका निवासियों ने बताया कि बिजली ना होने के कारण पीने के पानी की सप्लाई भी बंद हो गई है। घर में पीने के पानी की भी किल्लत हो गई है। पानी ना आने के कारण बच्चे और बढ़े नहा भी नहीं पाए। जिस कारण आज उन्हें काम से छुट्टी लेनी पड़ी। घर में पीने के पानी के लिए दूसरे इलाकों से पानी भरकर लाना पढ़ रहा है।
