स्कूली बच्चों के लिए प्रधानमंत्री की नई योजना,स्कूल बैग के बोझ से मिलेगा छुटकारा
देशभर के स्कूली बच्चों को भारी बैग की परेशानी से निजात मिलने वाली है। सरकार छात्रों के भारी स्कूल बैग के बजाय टैब से पढ़ाई करवाने की योजना पर काम कर रही है। इसकी शुरुआत केंद्रीय विद्यालयों से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में होगी।
मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने बताया कि देशभर के स्कूली बच्चों की भारी बैग की दिक्कत से अभिभावक ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी परेशान हैं। इसीलिए भारी बैग की बजाय तकनीक के माध्यम से छात्र को राहत देने की योजना बनाई जा रही है। इसी के तहत कुछ केंद्रीय विद्यालयों में इसी सत्र बैग की बजाय टैब से पढ़ाई करवाने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा।
जावडे़कर ने बताया कि जैसे वर्षों पहले छात्र स्लेट पर लिखकर पढ़ते थे। उसी तर्ज पर टैब पर पढ़ाई होगी। इस टैब में किताब, कॉपी भी होगी, जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ लिखने में भी सुधार होगा। वहीं, दूर-दराज व पिछड़े क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा में दाखिला, कोर्स चुनने आदि की जानकारी स्वयं पोर्टल पर घर पर मिलेगी। यहां छात्र अपने प्रश्नों व कोर्स संबंधी जिज्ञासा को भी दूर सकते हैं। इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा में सही कोर्स या प्रोग्राम चुनने में सहायता मिलेगी।



