विदेश मंत्रालय ने पाक को कहा, हमारा पायलट सुरक्षित लौटना चाहिए…….

भारत ने पाकिस्तान द्वारा भारतीय वायुसेना के घायल पायलट के अभद्र प्रदर्शन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की यह हरकत अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून और जेनेवा कन्वेंशन का उल्लंघन है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान को यह स्पष्ट कर दिया गया है कि उनकी हिरासत में भारतीय पायलट को कोई नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। भारत उसकी सुरक्षित व तुरंत वापसी की उम्मीद करता है।
बता दें कि पाकिस्तान ने एक वीडियो जारी किया था, इसमें विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान के होने का दावा किया जा रहा है। जारी वीडियो में पकड़ा गया शख्स भारतीय वायुसेना की वर्दी पहने हुए है और कह रहा है, ‘मेरा नाम विंग कमांडर अभिनंदन है और सर्विस नंबर 27981 है। मैं एक फ्लाइंग पायलट हूं और मेरा धर्म हिंदू है।’ अधिक जानकारी देने के नाम पर उसने बात करने से मना कर दिया और कहा, ‘मुझे क्षमा करें, मैं आपको इतनी ही जानकारी दे सकता हूं।’ इसके साथ ही उसने पाकिस्तानी सेना से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या मैं पाकिस्तानी सेना के कब्जे में हूं।
21 जून, 1983 को पैदा हुए 35 साल के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पास सेलायुर इलाके रहने वाले हैं। साल 2004 में उनकी भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्ति हुई थी। अभिनंदन वर्तमान के पिता रिटायर्ड एयर मार्शल एस वर्तमान इंडियन एयर फोर्स में देश की सेवा और सुरक्षा कर चुके हैं।


