एक साथ 6 बहनों के घर छाया मातम, दूल्हे समेत 6 बहनोइयों की मौत
भोपाल. एमपी के धार जिले में धामनोद से 20 किमी दूर गणपति घाट पर हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। बरातियों से भरी इनोवा को पीछे से आ रहा ट्राॅला टक्कर मारता हुआ ट्रक में जा घुसा। ट्राॅला और ट्रक के बीच कार पिचक गई। कार में सवार दूल्हा, उसके छह बहनोई और भानजी की मौत हो गई। ट्राॅला चालक ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में दूल्हे की 6 बहनें एक साथ विधवा हो गईं।
एक बस और दो गाड़ियों में जा रही थी बरात…
बरात सीहोर के रूपदी गांव से धार के सिरसी जा रही थी। यहां के जगदीश के बेटे मुकेश का विवाह सिरसी के हीरालाल भाकर की पुत्री हंसा से तय हुआ था। बरात रात करीब 2 बजे रवाना हुई थी। बराती तीन वाहनों में गए जिनमें बस में 70, इनोवा और बोलेरो में 8-8 बराती सवार थे।
महिलाओं को हादसे का पता न चले, इसलिए रिश्तेदारों को गांव के बाहर ही रोक दिया
घर की महिलाओं को हादसे की बात नहीं बताई गई थी। उन्हें पता न चले इसके लिए बुजुर्गों ने लोगों को गांव के बाहर ही रोक दिया।
करीब 8 घंटे तक वे गांव के बाहर शव का इंतजार करते रहे। शाम 5 बजे दूल्हे का शव आने पर वे गांव में दाखिल हुए।
ये हैं मृतक
मृतकों में दूल्हा मुकेश (24) पुत्र जगदीश जाट, जाखड़
भानजी रचना उर्फ टीना (14) पुत्री बिरम जाट, बरवा तलेन
– सुरेश पुत्र मोहनलाल जाट, नरवर उज्जैन
– नंदलाल वर्मा पुत्र गोविंद, बावड़िया गोसाई इछावर
– राधेश्याम पुत्र बद्रीप्रसाद जाट, खाचरौद आष्टा
– महेश पुत्र बद्रीप्रसाद जाट, खाचरौद आष्टा
– बाबूलाल पुत्र काशीराम जाट, जेठड़ा शुजालपुर
– कैलाश पुत्र प्रभुलाल जाट, बरनावद शुजालपुर शामिल हैं।
– सभी मरने वाले पुरुष दूल्हे के बहनोई हैं। इसमें बाबूलाल सगा बहनोई है, दो बुआ, दो ताऊ-चाचा और एक मुंहबोली बहन के पति हैं।
– कार के ड्राइवर की हालत गंभीर है। वहीं, कंटेनर के ड्राइवर सुरेश की मौत हो गई।
घायल कार ड्राइवर बोला- बाइक सवार अचानक सामने आ गया था
इनोवा कार के घायल ड्राइवर महेंद्र और ट्राले के दूसरे ड्राइवर राजेंद्र को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।
महेंद्र ने बताया सामने अचानक बाइक सवार आ गया था। उससे बचाने में कार आगे चल रहे ट्रक के पास पहुंच गई। ब्रेक भी नहीं लगा और अचानक पीछे से ट्राला आ गया।
घायल राजेंद्र ने बताया वह ट्राले में सो रहा था। तभी हादसा हो गया।




