बड़ा रेल हादसा ,9 डिब्बे पटरी से उतरे, 6 की मौत, कई घायल

बिहार(हैडलाइन ब्यूरो)रविवार की सुबह बिहार के हाजीपुर में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। जहां आनंदविहार-राधिकापुर सीमांचल एक्सप्रेस के नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा हाजीपुर-बछ़वाड़ा रेल सेक्शन के बीच सहदोई स्टेशन के पास हुआ। शुरुआती सूचना के मुताबिक इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है वहीं कई लोग घायल हो गए हैं। बचाव टीम मौके पर पहुंच चुकी है। ट्रेन नम्बर 12487 जोगबनी से आनंद विहार स्टेशन तक जाती है। हादसे में एसी के तीन डब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।जानकारी के मुताबिक, जोगबनी से नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल जा रही सीमांचल एक्सप्रेस ने रविवार तड़के 3 बजकर 52 मिनट पर मेहनार रोड क्रॉस किया और लगभग 4 बजे सहदोई बुजुर्ग के पास इसकी बोगियां पटरी से उतर गईं। तीन स्लीपर (एस8, एस9, एस10) और एक एसी (बी3) कोच समेत नौ बोगियां पटरी से उतर गईं और एक के ऊपर एक डिब्बे चढ़ते चले गए।मौके पर सोनपुर और बरौनी में स्थित अस्पतालों में डॉक्टरों की एक टीम को भेज दिया गया है।राहत और बचाव के लिए रिलीफ ट्रेन को भी रवाना कर दिया गया है, जिसमे राहत की तमाम सामग्री और मदद घायलों को पहुंचाई जा रही है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद भारतीय रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिसपर फोन करके मृत और घायलों की जानकारी हासिल की जा सकती है।
सोनपुर डिवीजन- 06158221645
हाजीपुर- 06224272230
बरौनी- – 0627923222




