पुलवामा में सुरक्षाबल और आतंकियों की मुठभेड़ जारी, सेना के एक मेजर सहित चार जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर में सोमवार तड़के आतंकवादी और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि करीब जैश ए मोहम्मद के 2 से 3 आतंकवादी मुठभेड़ में शामिल हैं. आतंकवादियों से मुठभेड़ में एक मेजर सहित चार जवानों के शहीद होने की खबरें आ रही हैं. हालांकि सुरक्षाबलों की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के पिंगलान इलाके में गोलीबारी चल रही है. सुरक्षा बलों की ओर से आतंकवादियों को घेरने की कोशिश चल रही है. 2 से 3 आतंकवादी की ओर से लगातार सुरक्षा बलों पर फायरिंग की जा रही है.
गौरतलब है कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद ने आतंकी हमला किया था, जिसमें CRPF के 42 जवान शहीद हो गए थे. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले के बाद भारतीय सेना को खुली छूट दे दी थी. इसके बाद से हमारी सेना भी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. सोमवार को फिर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादी और सुरक्षा बलों के बीच एनकाउंटर शुरू हो गई. आतंकवादियों के जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य आदिल अहमद डार के साथ संबंध होने की आशंका जताई जा रही है.
बता दें कि पिछले दिनों हुए आतंकी हमले की पूरी दुनिया ने निंदा की है. गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था, ‘हम जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें सीआरपीएफ के 40 वीर जवानों की जान चली गई. हम दुख की इस घड़ी में सभी देशवासियों के साथ उनके परिवारों के साथ खड़े हैं.’ 1989 में आतंकवाद के सिर उठाने के बाद से अब तक के सबसे जघन्य हमले में पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी अपनी एसयूवी को सीआरपीएफ की बस से टक्कर मार दी थी, जिसमें कम से कम 40 जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

