पुलवामा आतंकी हमले पर जश्न मनाने के आरोप में चार छात्रों सहित 9 गिरफ्तार,मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेजा

बेंगलुरु। (हैडलाइन ब्यूरो)कर्नाटक के तीन अलग- अलग स्थानों से चार कश्मीरी छात्रों के साथ 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनपर पुलवामा आतंकी हमले को लेकर जश्न मनाने का आरोप है।
बेंगलुरु शहर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के तृतीय वर्ष के तीन कश्मीरी छात्र गोवल मुश्ताक, जाकिर मकबाल और हेरिस मंसूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन छात्रों पर पुलवामा आतंकी हमले के बाद जश्न मनाने का आरोप है।
शहर के अनेकल स्थित सूर्या सिटी पुलिस स्टेशन में राष्ट्र विरोधी टिप्पणी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। इनपर आईपीसी की धारा 253 (बी), 507 और 323 के तहत मुकदमा कायम किया गया। गिरफ्तार छात्रों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जबकि, रेवा विश्वविद्यालय के एक अन्य कश्मीरी छात्र ताहिर लतीफ को गिरफ्तार किया गया है। बारामूला जिले के रहनेवाले इस छात्र पर पुलवामा आतंकी हमले की सराहना करने का आरोप है। आरोपित छात्र पर अपने वाट्सएप पर जैश-ए-मुहम्मद के आतंकी आदिल अहमद और शहीद जवानों के शवों का स्क्रीनशॉट लगाने का आरोप है।
रायचूर जिले की मस्की पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनपर आतंकी हमले के बाद जश्न मनाने का आरोप है। इनकी हरकतों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा रोष जताया। मस्की पुलिस ने चन्नैय्या हिरेमठ की अगुवाई में इस मामले के पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में बशराब, हुसैन साब, रहिमन, बुदन और कारी हुसैन साब शामिल है, जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

