दस रुपये का लालच देकर 20 लाख का लगाया चूना
नई दिल्ली(हैडलाइन ब्यूरो) दिल्ली के लक्ष्मी नगर में अपने डॉक्टर बेटे से मिलने आए दंपति को 20 लाख रुपये का चूना लग गया. कार में बैठी डॉक्टर की मां को बदमाशों ने 10 रुपये का लालच देकर कार से नीचे उतारा. इसके बाद बदमाश महिला से उसका बैग झपटकर ले गए. बैग में करीब पांच लाख रुपये कैश, 15 लाख रुपये के जेवरात व कई महत्वपूर्ण कागजात और कई बैंक के एटीएम और डेबिट कार्ड थे. वारदात के बाद दंपति ने पुलिस को सूचना दी. शकरपुर पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित रमन कुमार महाजन परिवार के साथ गोविंद नगर, सिविल लाइंस, लुधियाना में रहते हैं. इनके परिवार में पत्नी अनेश बाला महाजन व अन्य सदस्य हैं. रमन का बेटा दिल्ली के एक अस्पताल में दिल का डॉक्टर (डीएम कार्डियोलॉजी) है. शनिवार को अपनी कार से रमन व उनकी पत्नी बेटे से मिलने लक्ष्मी नगर पहुंचे. इनके घर में शादी है. दंपति बेटे से मिलने के बाद बाजार में खरीदारी के लिए निकले.
अनेश के पर्स में खरीदारी के लिए पांच लाख रुपये कैश और खरीदे गए 15 लाख रुपये के जेवरात मौजूद थे. लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास कार रोककर रमन कुछ पूछने के लिए कार से उतर गए, जबकि अनेश कार में ही बैठी रही. इस बीच तीन बदमाश वहां पहुंचे. एक बदमाश ने कार में बैठी अनेश से कहा कि उनके 10 रुपये गिर गए हैं. अनेश ने खिड़की से देखा तो नीचे सड़क पर दस रुपये का एक नोट पड़ा था.
लालच में आकर अनेश रुपये उठाने के लिए कार से नीचे उतरी तो दूसरे बदमाश ने उनके हाथ से पर्स छीना और फरार हो गया. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. बैग में 20 लाख के माल के अलावा कई बैंक के एटीएम, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, डीएल व अन्य सामान मौजूद थे. पुलिस केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही हैं.

