*👉🏻 सैंडल में हेरोइन छुपा कर तस्करी करने जा रही विदेशी महिला काबू*
जालंधर,19 दिसम्बर-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)- देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस पार्टी ने एक विदेशी महिला को सैंडल में छुपा कर हेरोइन ले जाते हुए काबू कर लिया। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार की अगुवाई में एसआई रछपाल सिंह (सीआईए-2) और एसआई सुरजीत सिंह ने पुलिस पार्टी सहित बस स्टैंड फिल्लौर में
नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक विदेशी महिला आई जो पुलिस पार्टी को देख वापिस मुड़ने लगी। शक होने पर पुलिस पार्टी ने उक्त महिला को काबू कर उसके बैग की तलाशी ली। लेकिन कुछ बरामद न हुआ। पुलिस पार्टी ने उक्त महिला के पहने हुए सैंडल की जांच की तो सैंडल की हील के नीचे छुपा कर रखी 450 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह 1 साल पहले जिंबाब्वे से भारत आई थी और यहां पर दिल्ली में रह रही थी। दिल्ली में रहते हुए उसके नशा तस्करों के साथ लिंक बन गए और वह नशा तस्करी करने लगी। उसे एक डिलीवरी के एवज में 10 हज़ार रुपये की रकम मिलती थी। पकड़ी गई विदेशी महिला की पहचान Alisha Mosas D/O Sskandi R/O Zimbabwe के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
