जंगलों में लगी भीषण आग, 25 लोगों की मौत

लिस्बन। पुर्तगाल के मध्यवर्ती भाग में जंगल में लगी आग की चपेट में आकर कम से कम 25 लोगों की मौत हो गयी है।
एक अधिकारी ने बताया कि आग लिस्बन से 200 किलोमीटर दक्षिणपूर्व पेड्रोगाओ ग्रांडे क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में लगी जिसने तेज हवाओं के चलते बाद में भीषण रूप धारण कर लिया।
उन्होंने बताया कि मरने वालों में अधिकतर वे लोग शामिल हैं जो इस क्षेत्र में सड़क मार्ग से अपने वाहन में मौजूद थे। आग बहुत तेजी से फैली और इसकी चपेट में वहां सड़क मार्ग पर वाहन आ गए जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हो गयी और कई घायल हो गए।
इस भीषण आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है और ऐसा माना जा रहा कि दशकों बाद पुर्तगाल के जंगलों में ऐसी भीषण आग लगी है।
पुर्तगाल के गृह मामलों के सचिव जार्ज गोम्स ने बताया कि राष्ट्रपति मारसेलो रेबेलो डे सौसा घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
गोम्स ने कहा, हम 25 लोगों के मरने की पुष्टि करते हैं। सभी पुर्तगाली नागरिक हैं। घटना में छह अग्निशमन के कर्मचारी समेत 20 लोग घायल हो गए हैं और दो लोग अभी भी लापता हैं।
सड़क मार्ग से गुजरने वाले भी आये आग की चपेट में
सरकार के मुताबिक मारे गए ज़्यादातर लोग अपनी कारों से सुरक्षित इलाक़ों की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे।
ये लोग देश की पूर्व राजधानी कोइंब्रा से 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित पेड्रोगाओ ग्रैंड इलाक़े से निकलने की कोशिश कर रहे थे।





