अमेरिका में संक्रमण से 40 से ज्यादा भारतवंशियों की मौत, 1500 संक्रमित; सिंगापुर में 51 भारतीय पॉजिटिव
न्यूयॉर्क. दुनिया में अमेरिका कोरोना का एपिसेंटर बन चुका है। यहां 5 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 20 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस बीच, यह भी खबर है कि इस महामारी की वजह से 40 से ज्यादा भारतवंशियों ने दम तोड़ दिया है। भारतीयों की न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में सबसे ज्यादा जानें गई हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मरने वाले भारतीयों में केरल के 17, गुजरात के 10, पंजाब के 4, आंध्र प्रदेश के 2 और एक ओडिशा का था। इनमें सभी की उम्र 60 साल से ज्यादा बताई जा रही है। एक मृतक की उम्र 21 साल थी। कम्युनिटी नेताओं के अनुसार, इनमें से 12 से ज्यादा लोग न्यूजर्सी में रहते थे। इसी तरह 15 भारतीय न्यूयॉर्क से थे।
अमेरिका के अन्य इलाकों में भी हुई भारतीयों की मौत
- पेंसिलवेनिया और फ्लोरिडा में 4, टेक्सास और कैलिफोर्निया में एक-एक भारतीय-अमेरिकी की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में सुनोवा एनालिटिक्स इंक. के सीईओ हनुमंत राव मारेपल्ली भी शामिल हैं। इसके अलावा, चंद्रकांत अमीन (75) और महेंद्र पटेल (60) की भी मौतें हुई हैं। वहीं, एक व्यक्ति की मौत न्यूजर्सी स्थित उसके घर में हुई।
- महेंद्र पटेल के 50 से ज्यादा दोस्त और रिश्तेदार ऑनलाइन अंतिम संस्कार में शामिल हुए, क्योंकि स्थानीय प्रशासन ने 9 ज्यादा लोगों को अंतिम संस्कार के वक्त मौजूद रहने की अनुमति नहीं दी थी। न्यूजर्सी के ओक ट्री रोड पर रियल एस्टेट का कारोबार करने वाले भावेश दवे का कहना है कि मैंने ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी।
- इंडियन कम्युनिटी के अधिकारियों ने बताया कि न्यूजर्सी में 400 से ज्यादा भारतीय-अमेरिकी पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, न्यूयॉर्क में यह संख्या एक हजार से ज्यादा है। इस शहर में कई भारतीय-अमेरिकी टैक्सी ड्राइवर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। अभी इनकी संख्या के बारे में बता नहीं चला है।
सिंगापुर में 51 भारतीय पॉजिटिव
सिंगापुर से भी भारतीयों के लिए अच्छी खबर नहीं है। यहां अभी तक 191 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 51 भारतीय हैं। पिछले दिनों यहां एक व्यक्ति की मौत हुई। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि संक्रमितों में ज्यादातर विदेशी कर्मचारी हैं।


