एक्सीडेंट के बाद बदमाश हाइवे पर छोड़ कर भागे इस मंत्री की चोरी हुई गाड़ी
भरतपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन मंत्री लक्ष्मीनारायण की निजी कार उनके मथुरा के घर से गुरुवार सुबह 4 बजे चोरी हो गई। यह गाड़ी भरतपुर के चिकसाना

थाने की ऊंचा नगला चौकी इलाक़े में टूटी-फूटी हालत में मिली। चोर गाड़ी का एक्सीडेंट होने के बाद उसे आगरा नेशनल हाइवे पर ही गाड़ी को छोड़ फरार हो गए। ऊंचा नगला चौकी इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री लक्ष्मीनारायण की गाड़ी सुबह 4 बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर ली। मंत्री लक्ष्मीनारायण मथुरा की चंद्रपुरी कॉलोनी में रहते हैं। गाड़ी चोरी करते समय चोरों को यह नहीं पता था की गाड़ी में जीपीएस लगा है। गाड़ी चोरी होने के बाद मंत्री के सचिव ने गाड़ी की लोकेशन देखी और भरतपुर पुलिस को गाड़ी चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आगरा जयपुर नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी शुरू कर दी।
नाकाबंदी के दौरान ऊंचा नगला चौकी को सूचना मिली कि एक इनोवा गाड़ी गोपाल का नगला इलाक़े में टूटी-फूटी हालत में खड़ी है। सूचना मिलने पर ऊंचा नगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर मंत्री के सचिव को गाड़ी मिलने की सूचना दी। पुलिस के अनुसार चोर गाड़ी को चुराकर आगरा की तरफ लेकर जा रहे थे, लेकिन गाड़ी का एक्सीडेंट होने के कारण वे उसे मौके पर छोड़कर भाग गए। फिलहाल गाड़ी चोरी करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।
आस-पास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मंत्री की गाड़ी नेशनल हाइवे पर एक ट्रेक्टर से टकरा गई थी। इसके बाद उसके इंजन में आग लग गई। चोर वहां मौजूद एक दुकान पर पहुंचे और उन्होंने दुकान मालिक से आग बुझाने के लिए पानी भी मांगा जिसके बाद चोर गाड़ी को धक्का देकर एक पंचर की दुकान के सामने खड़ी कर गए और दुकान मालिक को बताया कि वे पास के ही गांव में रहने वाले हैं। वे अपने घर से ट्रेक्टर लेने जा रहे हैं। वे गाड़ी को ट्रेक्टर से खींचकर ले जाएंगे, लेकिन वे दोबारा नहीं लौटे।

