हेमा मालिनी का नौकर उनके कपड़े और जूलरी लेकर फ़रार, पुलिस कर रही छापेमारी
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी के गोदाम में चोरी हो गई है. मुंबई पुलिस अभी तक चोर का पता नहीं लगा पाई है लेकिन उसके शक की सुई घरेलु नौकर पर है. फिलहाल नौकर मौक़े से गायब है और माना जा रहा है कि सांसद में सेंधमारी उसने ही की है.
चोरी का शक ही नौकर के अचानक गायब होने पर हुई. हेमा मालिनी के मुताबिक नौकर बगैर बताए अचानक पांच-छह दिनों तक गायब हो गया. फिर जब उससे संपर्क नहीं हुआ तो वह अंधेरी वेस्ट स्थित डी.एन. नगर पहुंचे. इसी इलाक़े में हेमा मालिनी का गोदाम है. इसके बाद जब मैनेजर ने गोदाम में जाकर चेक किया तो वहां कई कीमती सामान गायब मिले.
गोदाम से गायब हुए सामान में शूटिंग संबंधी कई सामान, महंगे कपड़े, मूर्तियां और आर्टिफीशियल जेवरात जैसी चीजें शामिल हैं. हालांकि इन सामानों का आमतौर पर इस्तेमाल फिल्म की शूटिंग के लिए किया जाता था और किसी शो के लिए ख़ुद हेमा इसका इस्तेमाल करती थीं. मैनेजर ने एक अनुमान लगाकर बताया है कि इन सब चीजों की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये है.
वहीं सहायक पुलिस आयुक्त डी. भार्गुडे ने कहा है कि संदिग्ध नौकर के खिलाफ जुहू पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई है. नौकर ही गोदाम के केयरटेकर के रूप में कार्यरत था और फिलहाल मौके से गायब है. फिलहाल उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है

