जालन्धर की इस पगड़ीधारी महिला ने कनाडा में जज बन कर रचा इतिहास
ब्रिटिश कोलम्बिया :(गुरिन्दर सिंह )भारतीय मूल की पलबिंदर कौर शेरगिल को सुप्रीम कोर्ट ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया का जज बनाया गया है। पगड़ी बांधने वाली पलबिंदर कनाडा के इतिहास में जज बनने वाली पहली सिख महिला हैं। जस्टिस शेरगिल ने कनाडा में मानव अधिकार की रक्षा के लिए कई मुकद्दमे लड़े हैं।
यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की गई है और 31 मई को रिटायर हुए जस्टिस ई ए अर्नाल्ड-बेली की जगह जस्टिस शेरगिल को नियुक्त किया गया है। वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कनाडा ने शेरगिल को उनकी नियुक्ति के लिए बधाई दी है।
वह कनाडा के सिख समुदाय के हितों के कई मामलों का प्रतिनिधित्व सुप्रीम कोर्ट में कर चुकी हैं। इसमें से एक मामला सिख छात्रों के स्कूल में कृपाण रखने का है। उनकी शादी हो चुकी है और वह तीन बच्चों की मां हैं। उनके एक बेटी और दो जुड़वां बेटे हैं।
जस्टिस पलबिंदर कौर शेरगिल पंजाब के जिला जालंधर के गांव रुड़का कलां की रहने वाली हैं। उनकी शादी जिला शहीद भगत सिंह नगर के गांव जगतपुर में हुई थी। वह चार साल की उम्र में अपने परिवाल के साथ कनाडा आई थीं। पलबिंदर विलियम्स लेक में पली-बढ़ीं और उन्होंने अपनी लॉ डिग्री सास्काचेवान विश्वविद्यालय से प्राप्त की।

