रात में किया पति का कत्ल,सुबह करवा दिया अंतिम संस्कार,लेकिन ऐसे खुल गया राज
नागौर जिले के मेड़ता क्षेत्र में रुपयों के लालच में रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है. महिला पैसे के लालच में इतनी अंधी हो गई कि उसने अपने ही पति को मार डाला. वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि किसी को भनक तक नहीं लगी. यहां तक कि घरवालों को गुमराह कर दाह संस्कार भी करवा दिया. बात जब खुली तो पुलिस भी हैरान रह गई. मेड़ता सिटी एसएचओ रोशनलाल ने बताया कि आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया है. इश्योरेंस क्लेम पाने और ट्रैक्टर गाड़ी का लोन माफ कराने के लिए पत्नी ने पूरी साजिश रची और पति की हत्या कर डाली.
मेड़ता एसएचओ रोशनलाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 50 वर्षीय पत्नी शारदा देवी पत्नी नेमा राम जाट निवासी गांव कुरडाया को गिरफ्तार किया गया है. मृतक के बड़े भाई भाकर राम जाट (60) ने मंगलवार को थाना पुलिस को सूचना देकर गांव बुलाया और एक रिपोर्ट दी. रिपोर्ट में शारदा पर शक जताया गया था.
दरअसल, अंतिम संस्कार से पहले कराए गए स्नान के दौरान नेमाराम के शरीर पर चोटों के निशान परिजनों ने देखे थे. जब इस बारे में परिवारवालों ने शारदा से पूछा तो उसने गिरने से चोट लगना बताया. उस समय परिवारजनों और रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार कर दिया. बाद में मृतक के बड़े भाई ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मुकदमा दरवाया. जांच थानाधिकारी रोशन लाल द्वारा शुरू की गई. जांच के दौरान मृतक नेमाराम की पत्नी शारदा देवी से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने इंश्योरेंस का क्लेम और गाड़ियों पर लिए गए लोन को माफ कराने के लिए गला दबाकर पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने शारदा को गिरफ्तार कर लिया.

