*👉🏻 देहात पुलिस ने तीन व्यक्तियों को काबू कर पांच किलो हेरोइन पकड़ी*
जालंधर,16 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- देहात पुलिस ने अलग-अलग जगह से तीन व्यक्तियों को काबू कर उनके पास से 5 किलो हेरोइन बरामद की है। इनमें से एक विदेशी नागरिक है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना लोहिया के प्रभारी इंस्पेक्टर दलवीर सिंह और महिला एस आई अमनदीप कौर मल्ली ने पुलिस पार्टी सहित बस अड्डा गांव चाचेवाल नजदीक नाकाबंदी हुई थी। रात 9:00 बजे गांव लाटीयावाल की तरफ से एक महिला और एक पुरूष पैदल आते दिखाई दिए, जो पुलिस पार्टी को देख घबरा गए और बस स्टैंड के अंदर जाने लगे। शक होने पर पुलिस पार्टी ने तुरंत ही दोनों को काबू कर उनका नाम पूछा तो महिला ने अपना नाम पूजा उर्फ रूबी उम्र 30 साल पत्नी सुख सिंह निवासी लाटिया वाल थाना सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला और पुरुष ने अपना नाम वीरयोद सिंह उर्फ रुलदू उम्र 45 साल पुत्र दर्शन सिंह निवासी लाटियांवाल थाना सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला बताया। महिला सब इंस्पेक्टर ने महिला रूबी के पर्स की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई और इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने जब पुरुष रुलदू के पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो उसमें से डेढ़ किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह एसआई गुरुदेव पुलिस पार्टी सहित सतलुज
पुल फिल्लौर में नाकाबंदी की हुई थी। रात 10:00 बजे उन्हें सूचना मिली कि एक नाइजीरियन जो कि नशा तस्करी का काम करता है हेरोइन की सप्लाई करने के लिए दिल्ली से बस में सवार होकर जालंधर की तरफ आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने गहनता से चेकिंग शुरू कर दी। रात 11:45 बजे पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को बस में से उतरते हुए देखा तो उसे रोककर उसके किट बैग की तलाशी ली। जिसमें से पुलिस को ढाई किलो हेरोइन बरामद हुई। आरोपी ने पुलिस को अपना नाम Victor Admye Devid S/O Nathiel R/O Abuja State Abuja Nigeria बताया। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

