जालंधर: छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने बरसाए ईंट-पत्थर

जालंधर: नशा तस्करों के घर रेड करने पहुंची जालंधर देहात की पुलिस पार्टी पर हमला हो गया। हमले में थाने के इंस्पेक्टर सहित कई मुलाजिम घायल हो गए है। थाना पतारा के प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत सिंह हुंदल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव पतारा निवासी त्रिलोक लाल उर्फ हरमन संधू उर्फ सोनू के घर में बैठकर कुछ युवक नशा कर रहे हैं और वह भोले भाले अन्य लड़के-लड़कियों को भी नशा करने के लिए उकसा रहे हैं।
इस सूचना के आधार पर रेड करने गई पुलिस पार्टी ने घर का दरवाजा खटखटाया तो दरवाजे पर आए हरमन संधू सोनू ने पुलिस कर्मचारियों को जान से मार देने की नीयत से उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हरमन ने पुलिस कर्मचारी जसवीर सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा हेड कांस्टेबल बरजिंदर पाल भी घायल हो गया। इसके बाद हरमन ने अपने साथियों समेत घर की छत पर चढ़कर नीचे खड़े पुलिस कर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। आरोपी साथ लगते घरों की छतों पर चढ़कर फरार होने में सफल हो गए।
थाना पतारा प्रभारी बलजीत सिंह हुंदल ने बताया कि आरोपियों की पहचान त्रिलोक लाल उर्फ हरमन संधू सोनू, गगनदीप सिंह, हरमनजोत सिंह, गुरजीत सिंह जीता, संदीप कुमार शीपा सभी निवासी गांव पतारा थाना पतारा जिला जालंधर तथा परगट सिंह निवासी 309 न्यू जोगिंदर नगर थाना रामा मंडी जालंधर के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर बलजीत सिंह हुंदल ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रेड कर रही हैं।