विदेश से आए व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगला

जालंधर : गोपाल नगर में विदेश से आए 58 वर्षीय व्यक्ति ने डिप्रेशन के चलते देर रात अपने घर में ही जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान तरसेम लाल निवासी गोपाल नगर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची थाना 2 की पुलिस ने मंगलवार दोपहर मृतक के बेटे सन्नी के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम को देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गोपाल नगर इलाके में उक्त व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जिसके बाद उसके पारिवारिक सदस्यों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवा दिया। इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। जहां पर मंगलवार सुबह डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार से पूछताछ के दौरान मृतक के बेटे सन्नी ने बताया कि उनके पिता डिप्रेशन में रहते थे। उनके परिवार ने कई बार पूछा लेकिन उन्होंने किसी को कोई कारण नहीं बताया था। पीड़ित ने बताया कि वह फास्ट फूड का काम करता है और सोमवार को दुकान पर था, जहां उसे पारिवारिक सदस्यों ने फोन करके बताया कि पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया है, जिसके बाद वह पिता को इलाज के लिए अस्पताल में लेकर गए थे जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के पुत्र सन्नी के बयानों के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।


