जालंधर : जूस बार मालिक से लूट, आरोपी 20 हजार और सोने का कड़ा लेकर फरार

जालंधर के माई हीरां गेट में बुधवार देर रात लुटेरों ने स्वीटी जूस बार में बंदूक व हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब दुकान मालिक अंदर बैठकर खाना खा रहा था। आरोपी दुकान से 15 हजार रुपये और दुकान मालिक का कड़ा लूटकर ले गए। वारदात जूस बार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए पीड़ित दुकान मालिक अनमोल ने बताया कि रात 11 बजे के करीब वह दुकान में खाना खा रहा था। इस दौरान एक्टिवा पर सवार होकर तीन युवक आए, जिनके मुंह कपड़े से ढके हुए थे। इनमें से एक के पास पिस्तौल और दूसरे के पास गडांसा था। आरोपी उसे धमकाने लगे। एक लुटेरे ने हथियार तानते हुए अनमोल से तिजौरी की चाबी मांगी। जब उसने नहीं दी तो हमलावरों ने गंडासी से हमला कर दिया और उसके सिर पर पिस्तौल का बट मारा। इसके बाद बदमाश उससे चाबी लेकर तिजौरी में से 15 से 20 हजार और सोने का कड़ा लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उसने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह उसे धक्का देकर भागने में कामयाब हो गए। अनमोल के मुताबिक कड़ा करीब तीन तोले का था। लुटेरे बिना नंबर की काली रंग की एक्टिवा से आए थे। वारदात के वक्त दो बदमाश दुकान के अंदर घुस आए और एक बाहर निगरानी कर रहा था।
दुकान मालिक अनमोल ने पुलिस को बताया कि लुटेरे 20 हजार की नकदी व सोने का कड़ा लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

